• Sat. Jul 27th, 2024

कतरीसराय प्रखंड में जिला प्रशासन द्वारा किया गया जन संवाद कार्यक्रम

Sep 20, 2023
सिटी न्यूज़ डेस्क ।जिला प्रशासन नालंदा द्वारा आज कतरीसराय प्रखंड में दो अलग-अलग स्थलों पर जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पहला जनसंवाद कार्यक्रम पंचायत भवन कटौना के प्रांगण में आयोजित किया गया जिसमें कटौना, दरवेशपुरा एवं बेलारी पंचायत के लोग शामिल हुए।
 कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय प्रमुख, जिला परिषद सदस्य,  जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक आदि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
 इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में इस कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को विस्तृत जानकारी देने तथा लोगों से योजनाओं के संबंध में फ़ीडबैक लेने का प्रयास किया जा रहा है।
 इस अवसर पर कतरीसराय प्रखंड में विगत वर्षों से किये जा रहे विकास से संबंधित कार्यों पर आधारित एक वृतचित्र का भी प्रदर्शन किया गया। इसमें विभिन्न योजनाओं के तहत प्रखंड अंतर्गत किये गये कार्यों के बारे में जानकारी दी गई।
  शौचालय एवं आवास योजना के लाभार्थी श्री अजय रविदास तथा शौचालय एवं वृद्धापेंशन योजना के लाभार्थी श्री छोटेलाल सिंह ने भी अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे इन योजनाओं के माध्यम से उनकी जिंदगी में बदलाव आया।

पुलिस अधीक्षक श्री अशोक मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्त्तमान में कतरीसराय एक पुलिस ओपी है, जिसे जल्द ही एक सामान्य थाना के रूप में परिवर्तित किया जायेगा।इससे कतरीसराय थाना के संसाधनों में वृद्धि होगी। उन्होंने आकस्मिक मदद के लिए डायल 112 के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम की रोकथाम हेतु जिला में एक डेडीकेटेड साइबर थाना क्रियान्वित है। साइबर क्राइम से संबंधित किसी भी तरह की शिकायत या जानकारी इस थाना में दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
उप विकास आयुक्त श्री वैभव श्रीवास्तव ने ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत घर-घर कचरा उठाव, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन आदि के बारे में जानकारी दिया। उन्होंने लोगों को स्वच्छ ग्राम की परिकल्पना को साकार करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना तथा कुशल युवा कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री नवीन कुमार पांडे ने मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चल योजना, पंचायत सरकार भवन, पक्की गली-नाली योजना आदि के बारे में जानकारी दिया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, हिट एंड रन के मामले से संबंधित अनुदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले व्यक्तियों की त्वरित मदद के लिए लोगों को आगे आने को कहा। घायल व्यक्ति की तत्काल मदद कर एक गुड समारिटन का उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया।ऐसा करने वालों को 10 हजार रुपये तक की राशि से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीमती गायित्री कुमारी द्वारा विभिन्न प्रकार के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई।उन्होंने मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना , कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना, मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन विवाह योजना, मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह योजना, बुनियाद केंद्र की व्यवस्था तथा माता-पिता भरण पोषण योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कृषि विभाग के पदाधिकारी ने कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में बताया।
आपदा शाखा प्रभारी द्वारा विभिन्न प्रकार की आपदा से संबंधित मुआवजा/अनुग्रह अनुदान भुगतान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति द्वारा एग्रीकल्चर फीडर, एग्रीकल्चर ट्रांसफॉर्मर एवं किसानों को विद्युत संबंध के बारे में जानकारी दी गई।
अपर समाहर्त्ता श्री मंजीत कुमार द्वारा भूमि राजस्व से संबंधित विभिन्न प्रकार की सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। भूमि विवाद के निपटारे के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दिया। जिला में चल रहे भूमि सर्वेक्षण के कार्य के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे तथा प्रखंड से संबंधित कुछ मुख्य समस्याओं को भी संज्ञान में लाया। स्वास्थ्य व्यवस्था को वृहत बनाने, सकरी नदी से सिंचाई की व्यवस्था हेतु पहल करने, हाई स्कूल के भवन के जीर्णोद्धार आदि जैसे मुद्दों को लेकर कार्रवाई का अनुरोध किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर, जिला आपदा प्रबंधन शाखा प्रभारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

RSS
Follow by Email
YouTube
Telegram
WhatsApp
FbMessenger