• Sat. Jul 27th, 2024

जिलाधिकारी ने 11 आवेदकों की समस्याओं को सुना, कार्रवाई को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया निर्देश

May 12, 2023

सिटी न्यूज नालंदा ।दैनिक जनता दरबार में जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने आज 11 लोगों की समस्याओं को सुना तथा

समस्याओं के निदान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
अधिकांश आवेदन जमीन से संबंधित समस्या को लेकर थे जिनमें संबंधित पदाधिकारियों को निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। दो आवेदकों को उनकी समस्या के समाधान हेतु अपर समाहर्ता के पास भी भेजा गया।
वेन प्रखण्ड के कुछ लोगों द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने की व्यवस्था पंचायत स्तर पर कराने को लेकर अनुरोध किया गया। पूर्व में इस कार्य हेतु पंचायत सचिव प्राधिकृत थे इसलिए यह कार्य पंचायत स्तर पर निष्पादित हो जाता था।
वर्तमान विभागीय प्रावधान के अनुसार जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए सभी प्रखंडों के प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी को प्राधिकृत किया गया है। जिला में 11 प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी वर्तमान में पदस्थापित हैं। कई प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी के पास एक से अधिक प्रखंडों का प्रभार होने के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में लोगों को कठिनाई हो रही है।
जिलाधिकारी ने जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को कार्यालय कक्ष में बुलाकर सभी प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी के पदस्थापन/प्रभार वाले प्रखंडों में उपस्थिति को लेकर दिवसवार रोस्टर निर्धारित करने का निर्देश दिया। संबंधित प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी निर्धारित दिवस को संबंधित प्रखंड में अनिवार्य रुप से उपस्थित रहेंगे। उपस्थिति के दिन जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का कार्य अवश्य रूप से निष्पादित करेंगे।
सभी पंचायत सचिव जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन पूर्व की भांति आवेदकों से प्राप्त कर संबंधित प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। जिनके द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार संबंधित प्रखंड में उपस्थिति के दिवस इन आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत होने के उपरांत संबंधित पंचायत सचिव इसे आवेदकों को हस्तगत भी कराएंगे।
प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारियों के प्रखंडों में उपस्थिति रोस्टर को पंचायत स्तर के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ भी साझा करने का निर्देश दिया गया ताकि लोगों को यह जानकारी रहे कि उनके प्रखंड में किस दिन प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी उपलब्ध रहेंगे।
अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को भेजते हुए समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

RSS
Follow by Email
YouTube
Telegram
WhatsApp
FbMessenger