सिटी न्यूज़ डेस्क। नालंदा जिले के राजगीर के नई पोखर में हुए प्रॉपर्टी डीलर हत्या कांड के मामले में नालंदा पुलिस ने मृतक के तीन चचेरे भाइयों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की है।
नालंदा के एसपी भारत सोनी ने शुक्रवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मृतक नीरज कुमार उर्फ झुन्नू ने पैतृक जमीन बेचकर 75 लाख रुपये प्राप्त किए थे। इसी राशि में हिस्सेदारी को लेकर तीन चचेरे भाइयों ने दो दोस्तों के साथ मिलकर 17 मार्च की शाम गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। मृतक का शव 18 मार्च की सुबह कुएं में मिला।
गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार, हर्षित कुमार और हरिओम कुमार (तीनों मृतक के चचेरे भाई) हैं, जबकि सौरभ कुमार और एक अन्य केशव कुमार मृतक के चचेरे भाइयों के दोस्त हैं। सभी ने मिलकर साजिश रचकर इस हत्या को अंजाम दिया।
एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी।
