• Sun. Apr 20th, 2025

जिला कांग्रेस कार्यालय, राजेंद्र आश्रम, बिहार शरीफ में कार्यकर्ता बैठक का आयोजन

Mar 22, 2025

सिटी न्यूज़ डेस्क।बिहार शरीफ के राजेंद्र आश्रम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्री जितेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में एक कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला प्रवक्ता श्री मुन्ना कुमार पांडे ने किया।

बैठक की शुरुआत हाल ही में नालंदा महिला कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती रीना देवी उर्फ रागिनी सिंह और उपस्थित पर्यवेक्षक श्री सागर पाटिल को पुष्पमाला एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित करते हुए की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक श्री सागर पाटिल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने साजिशन कांग्रेस को बदनाम करने का प्रयास किया ताकि वे मनमाना शासन कर सकें। लेकिन आज देश की जनता को यह समझ में आ चुका है कि कांग्रेस ही सच्चे अर्थों में देश की हितैषी पार्टी है।

उन्होंने कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी द्वारा की गई 5500 किलोमीटर की पदयात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस यात्रा के माध्यम से उन्होंने देशवासियों को यह संदेश दिया कि कांग्रेस पार्टी सभी धर्म, समाज, गरीब और मजलूमों की पार्टी है, जहां नफरत के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे नफरत के माहौल के विरुद्ध राहुल गांधी ने ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने का संदेश दिया, जिसे देश और दुनिया ने सराहा।

श्री पाटिल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “आप कार्यकर्ता ही पार्टी की असली शक्ति हैं। आपसी मेल-जोल और संगठन की मजबूती से ही हम अपने नेता श्री राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे का हाथ मजबूत कर सकते हैं।”

पूर्व जिला अध्यक्ष एवं AICC सदस्य श्री दिलीप कुमार ने कहा कि बिना कार्यकर्ता के कोई भी संगठन अस्तित्व में नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि नालंदा जिले में कांग्रेस का संगठन अन्य किसी भी दल से अधिक मजबूत है, परंतु इसे और सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने आगामी 2025 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की भागीदारी को लेकर कहा कि कांग्रेस को नालंदा, राजगीर, बिहार शरीफ और अस्थावां विधानसभा सीटों पर दावेदारी करनी चाहिए।

उन्होंने पर्यवेक्षक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी में कुछ लोग ऐसे हैं जो संगठन को कमजोर करने में लगे हुए हैं। उन्होंने ‘पैराशूट उम्मीदवारों’ पर भी सवाल उठाए और कहा कि कार्यकर्ता पूरे वर्ष पार्टी की सेवा करते हैं, लेकिन चुनाव के समय बाहरी उम्मीदवारों को टिकट दिया जाता है, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष उत्पन्न होता है और वोटों का बिखराव होता है।

जिला अध्यक्ष श्री जितेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जिले के 20 प्रखंडों में से अधिकांश प्रखंड अध्यक्ष सशक्त हैं और पार्टी के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रखंड अध्यक्ष कभी किसी प्रकार की दलाली में शामिल नहीं होते, लेकिन कुछ लोग पार्टी का नाम लेकर निजी स्वार्थ के लिए ऐसा करते हैं, जो निंदनीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पंचायत, बूथ, प्रखंड और जिला स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने हेतु अभी से जुट जाएं ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अधिक सीटों पर भागीदारी मिल सके।

राजगीर के पूर्व विधायक श्री रवि ज्योति ने कहा कि कुछ कार्यकर्ता ही पार्टी को कमजोर करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि “मैं चुनाव हारा नहीं था, मुझे हराया गया था।” उन्होंने आंतरिक गुटबाजी पर चिंता व्यक्त की और सभी से एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करने का आह्वान किया।

जिला प्रवक्ता श्री मुन्ना कुमार पांडे ने कहा कि एकजुटता ही कांग्रेस की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जो लोग पार्टी के सिद्धांतों से भटककर पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, उनसे सतर्क रहें और उन्हें संगठन से दूर रखें।

कार्यक्रम का समापन हाल ही में दिवंगत रहुई प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय चंदेश्वर सिंह उर्फ चांदो सिंह की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर किया गया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मो. जेड इस्लाम, नव प्रभात, प्रशांत, मो. अरशद, अजीत कुमार, उदय कुशवाहा, कैप्टन शाहिद, रीना देवी, नरेंद्र शाही, राजीव कुमार, मुन्ना, सरफराज मलिक, कृष्णा दास, राजीव रंजन कुमार, फवाद अंसारी, अश्विनी गौरव, रामचंद्र प्रसाद, रामबृक्ष पासवान, संजय पासवान सहित सभी प्रखंड अध्यक्षों ने अपने विचार रखे।


RSS
Follow by Email
YouTube
Telegram
WhatsApp
FbMessenger