सिटी न्यूज़ डेस्क: नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने सोमवार को लोकसभा में नियम-377 के तहत नालंदा जिले के भागन बिगहा टोल प्लाजा पर वसूले जा रहे टोल टैक्स का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सरकार से अविलंब टोल वसूली को बंद कराने की मांग की है।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि नालंदा में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर स्थित भागन बिगहा टोल प्लाजा पर हाल ही में टोल टैक्स की वसूली शुरू की गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टोल भुगतान के बिना लोगों को आवागमन की अनुमति नहीं दी जा रही है, जिससे क्षेत्र में जनाक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने बताया कि राजमार्ग टैक्स कलेक्शन कानून-2024 के अनुसार टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले नागरिकों से निजी वाहनों पर टोल टैक्स नहीं लिया जाना चाहिए। इस प्रावधान के बावजूद, भागन बिगहा के आसपास के इलाकों—सोहसराय, बिहार शरीफ, दीपनगर, हरनौत, बेना आदि—के नागरिकों से अनुचित रूप से टोल वसूली की जा रही है।
सांसद ने परिवहन मंत्री से आग्रह किया कि इस दिशा में अविलंब आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए जाएं और भागन बिगहा टोल प्लाजा पर हो रही टोल वसूली को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके।
