सिटी न्यूज़ डेस्क। 31 मार्च 2023 को बिहार शरीफ में हुए साम्प्रदायिक दंगे के मामले में नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नालंदा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। नालंदा पुलिस की ओर से बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी उस दिन हुई साम्प्रदायिक हिंसा में शामिल थे और इनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस काफी समय से प्रयासरत थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिलशाद, सथाव उर्फ मोहम्मद साहब, मनोरंजन यादव उर्फ मिर्तुंजय यादव, धर्मवीर यादव उर्फ ईश्वर कुमार, सुजीत यादव उर्फ सुजीत कुमार, रंजीत यादव उर्फ रंजीत प्रसाद, संजय पासवान और मुन्ना मास्टर उर्फ मुन्ना यादव के रूप में की गई है।
गौरतलब है कि 31 मार्च 2023 को बिहार शरीफ में हुए इस दंगे ने इलाके में तनाव और भय का माहौल बना दिया था। उस समय पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए व्यापक कदम उठाए थे, लेकिन घटना के बाद से कई आरोपी फरार चल रहे थे। नालंदा पुलिस ने इस मामले में गहन छानबीन करते हुए आरोपियों की तलाश में विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत इन 7 आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दंगे से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि समाज में शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।